बीसलपुर। ग्राम सरौरी में आयोजित आध्यात्मिक सत्संग एवं श्रीराम कथा का बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ समापन हुआ। समापन अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए आध्यात्मिक संत ए.के. अवस्थी ने कहा कि जिस घर में नियमित रूप से रामचरितमानस का पाठ होता है, वहां सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वास होता है तथा संकटमोचन हनुमान जी की विशेष कृपा बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा का श्रवण मानव जीवन को पवित्र बनाने का सबसे सरल मार्ग है। भगवान श्रीराम मर्यादा, सत्य और आदर्श जीवन के प्रतीक हैं। उनके जीवन चरित्र को अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन को सफल और सार्थक बना सकता है।
संत अवस्थी ने कहा कि भगवान श्रीराम स्वयं भगवान शिव के आराध्य हैं और उनके नाम का स्मरण करने से ईश्वर शीघ्र प्रसन्न होते हैं। उन्होंने कहा कि राम कथा सुनने से मन के विकार, ईर्ष्या, द्वेष, भेदभाव और नकारात्मक भावनाएं समाप्त होती हैं तथा व्यक्ति के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है।
उन्होंने राम नाम की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि सच्चे मन से राम का स्मरण करने वाला व्यक्ति अपने पापों से मुक्ति प्राप्त कर सकता है। जिस पर प्रभु की कृपा होती है, वही कथा श्रवण का सौभाग्य प्राप्त करता है। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
