मिर्जापुर: विंध्याचल में दुकान पर मारपीट व धमकी का मामला! प्रसाद विक्रेता गोपाल बिंद पर हमला,जान-माल को खतरा
June 06, 2026
मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के फतेहपुरी गली के पास स्थित प्रसाद की दुकान पर कार्यरत युवक गोपाल बिंद के साथ 22 मई को शाम 6 बजे मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना अध्यक्ष विंध्याचल को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, गोपाल बिंद पुत्र पन्नालाल बिंद, निवासी अमरावती चैराहा, थाना विंध्याचल ने बताया कि वह विगत 20 दिनों से संजू मिश्रा की प्रसाद की दुकान पर नियमित काम कर रहा था। घटना के दिन जब वह दुकान पर बैठा था और दुकानदार के भतीजे अरुण मिश्रा भी मौजूद थे, तभी आरोपी निशु मिश्रा (उर्फ कालीचरण) पुत्र बच्चा मिश्रा, निवासी पुरानी वीआईपी गेट के नीचे थाना विंध्याचल दुकान के अंदर घुस आया।आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए गोपाल का कॉलर पकड़ लिया और तीन-चार घूंसे मारकर पीटा। आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि “तुम्हें विंध्याचल कस्बे में कहीं काम नहीं करने देंगे, कहीं दिख गए तो मारकर हाथ-पैर तोड़ देंगे।” गोपाल बिंद ने आरोप लगाया है कि आरोपी सरहंग एवं पैसे वाला व्यक्ति है, जिसके कारण उसके जान-माल को खतरा बना हुआ है। पीड़ित गोपाल बिंद ने अपने प्रार्थना पत्र में दिनांक 23 मई को थाना अध्यक्ष से घटना की प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है। पुलिस इस प्रार्थना पत्र पर क्या कार्रवाई करती है, इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
