अमेठीः कन्या जन्मोत्सव! नवजात बेटियों को बेबी किट वितरित कर दिया गया सम्मान
June 01, 2026
अमेठी। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने रविवार को मलिक मोहम्मद जायसी संयुक्त जिला चिकित्सालय, गौरीगंज में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम उप जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत जन्मी तीन नवजात कन्याओं को कन्या सुमंगला योजना से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराते हुए पंपलेट एवं बेबी किट वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों के जन्म के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा सरकार द्वारा संचालित महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। महिला कल्याण विभाग की ओर से प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव की टीम के सदस्य एवं सुपरवाइजर रोशन लाल ने उपस्थित परिजनों को कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में स्टाफ नर्स सुधा श्रीवास्तव तथा चिकित्सालय की टीम के सदस्य भी मौजूद रहे और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया। महिला कल्याण विभाग ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और समानता की भावना को सुदृढ़ किया जा रहा है।
