Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

मुख्यमंत्री फडणवीस की पत्नी अमृता ने चलाया ऑटो-रिक्शा



महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस का ऑटो-रिक्शा चलाते हुए वीडियो सामने आया है। दरअसल अमृता, विश्व पर्यावरण दिवस पर भामला फाउंडेशन के महिला नेतृत्व वाले ग्रीन मोबिलिटी कार्यक्रम के तहत पिंक ई-रिक्शा सहायता पहल के शुभारंभ के अवसर पर पहुंची थीं। इसी दौरान उन्होंने ऑटो रिक्शा चलाया।

इस मौके पर अमृता फडणवीस ने कहा, "आज इस कार्यक्रम में आने का मुझे बहुत अच्छा लगा। यहां जरूरतमंद महिलाओं को ई-रिक्शा दिए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम भामला फाउंडेशन ने आयोजित किया है। इसमें दो बड़ी अच्छी बातें हैं। पहला, ये ई-रिक्शा पर्यावरण के लिए बहुत अच्छे हैं, इससे शहर में कार्बन उत्सर्जन बिल्कुल नहीं होगा। दूसरा, इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अच्छा मौका मिल रहा है। महिलाएं खुद अपने जीवन में बदलाव ला रही हैं।आज हमने टोकन बांटे हैं। मुंबई में हमारा लक्ष्य 1000 टोकन पहुंचाना है। मैं एक बात और बताना चाहती हूं कि यह योजना पहले से सरकार की चल रही है। इसमें सरकार महिलाओं को बैंक के जरिए 70% लोन देती है, 20% अपना योगदान देती है और महिलाओं को सिर्फ 10% (लगभग 30-35 हजार रुपये) लगाना होता है। लेकिन कई महिलाओं के लिए ये 10% भी जुटा पाना मुश्किल होता है। इसलिए गैर-सरकारी संगठनों द्वारा इस मदद को पूरा करना बहुत सराहनीय काम है।"

गौरतलब है कि अमृता फडणवीस सामाजिक कामों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं और सुर्खियों में रहती हैं। इससे पहले वह तब चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने ईंधन बचाने के लिए साइकिल चलाई थी। दरअसल पीएम मोदी ने देश से ईंधन बचाने की अपील की थी। ऐसे में अमृता फडणवीस ने मुंबई की सड़कों पर साइकिल चलाते हुए अपना एक वीडियो शेयर किया था।

इस दौरान अमृता फडणवीस ने कहा था, "ईंधन संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान से प्रेरित होकर मैंने अपने घर से 5-7 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी कामों के लिए साइकिल का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। पेट्रोल और डीजल बचाने की दिशा में यह मेरा एक छोटा सा व्यक्तिगत कदम है, जिससे एक स्वस्थ जीवन शैली को भी बढ़ावा मिलेगा।"

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |