बीसलपुर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन रविवार को क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया, लेकिन मेले में अपेक्षित भीड़ नहीं जुट सकी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पर्याप्त प्रचार-प्रसार न होने के कारण अधिकांश केंद्रों पर मरीजों की संख्या बेहद कम रही, जबकि कई स्थानों पर आवश्यक जांच सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हो सकीं। बीसलपुर क्षेत्र के बड़ा गांव, ईट गांव, चुरा सकतपुर, नवोदय सितारगंज तथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेलों में अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। मोहल्ला दुबे स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दोपहर तक मात्र 72 मरीज ही उपचार के लिए पहुंचे, जबकि अन्य केंद्रों पर भी मरीजों की संख्या 30 से 40 के बीच ही सीमित रही।
स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉ. पराग ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक केवल 25 मरीज ही स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंचे थे। वहीं दियोरिया और ईट गांव के स्वास्थ्य केंद्रों पर शुगर, टाइफाइड समेत अन्य आवश्यक जांचें नहीं हो सकीं, जिससे मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ा।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाता और सभी जांच सुविधाएं उपलब्ध रहतीं तो अधिक संख्या में मरीज लाभान्वित हो सकते थे।
