रुद्रपुर। सिविल लाइन स्थित गुरु अंगद देव कॉम्प्लेक्स से कंचनतारा जाने वाले मार्ग पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र फुट ओवर ब्रिज निर्माण कराने तथा निर्माण कार्य पूरा होने तक अस्थायी रूप से बंद कट को खोलने की मांग की गई।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि नैनीताल रोड पर शिशु मंदिर इंटर कॉलेज मोड़ के पास प्रतिदिन हजारों लोगों का पैदल आवागमन होता है। आवास विकास, जगतपुरा, मुखर्जी नगर, रविन्द्र नगर, शिवनगर, आजाद नगर, विवेक नगर, ट्रांजिट कैंप, कल्याणी व्यू और धोबीघाट समेत आसपास के क्षेत्रों के लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी विभिन्न विद्यालयों में आने-जाने के लिए इसी रास्ते से गुजरते हैं।
उन्होंने कहा कि पहले यहां तिराहा खुला होने के कारण लोगों को सड़क पार करने में ज्यादा परेशानी नहीं होती थी, लेकिन ग्रिल और लोहे के सरियों से कट बंद किए जाने के बाद लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे अधिकांश लोग जान जोखिम में डालकर सीधे सड़क पार करने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
ठुकराल ने बताया कि हाल ही में इसी स्थान पर सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से आम जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में मांग की गई कि शिशु मंदिर इंटर कॉलेज मोड़ पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए जल्द से जल्द फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाए। साथ ही, जब तक पुल का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक लोगों की सुविधा के लिए पूर्व की भांति अस्थायी रूप से कट खोला जाए, ताकि सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।
प्रदर्शन में चेतन मांगट, संजीव गुप्ता, संजय ठुकराल, एडवोकेट अभय सिंह सोलंकी, सर्वेश सिंह, आशीष यादव, सुनील चुघ, ललित सिंह बिष्ट, सुखवंत सिंह, अशोक यादव, केरू मंडल, रामकुमार गुप्ता, आनंद शर्मा, मनोज गुप्ता, रमन विश्वास, रणजीत तिवारी, राजेश पटेल, अमर वर्मा, अभिजीत कुमार, अमित मंडल, अक्षित वाला, रामपद मंडल, गोविंद सरकार, हरिदास मंडल, जय मंडल, तपन विश्वास, सुब्रत राय, संजय चक्रवर्ती, हिम्मत राम कोली, राहुल बाला, मनजीत कर्मकार, सोनू, आकाश, हनी, सौरभ, नरेश, विमल, दीपक ठुकराल, शिवम नारंग, गुरुजोत सिंह, भगत सिंह, पार्षद परवेज कुरैशी, आदर्श मिश्रा, छात्र संघ अध्यक्ष रजत बिष्ट, मोहित, कुंवर पाल कोली, शिवकुमार शिबू, मोनू बेदी, धीरज गक्कड़, गेंदन कोली, आशीष श्रीवास्तव, अंकित चंद्रा, अरविंद रस्तोगी, अशोक विश्वास, किशोर कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
