Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः मासूम की मौत पर भी कमीशनखोरी का आरोप! सहायता राशि में हिस्सा मांगने का वीडियो वायरल, कथित सपाई नेता पर उठे सवाल


प्रतापगढ़/बाबागंज। 9 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत के बाद परिवार को मिली आर्थिक सहायता पर भी कथित रूप से हिस्सेदारी मांगने का मामला सामने आया है। मृतका के पिता का एक वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। वीडियो में पिता ने गांव के ही एक कथित सपा नेता पर सांसद द्वारा दी गई सहायता राशि में से हिस्सा मांगने का आरोप लगाया है। घटना ने न केवल संवेदनशीलता पर सवाल खड़े किए हैं बल्कि राजनीति में मानवीय मूल्यों को लेकर भी नई बहस छेड़ दी है।

संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के डंडिया मजरे खनवारी गांव निवासी अनिल पटेल की 9 वर्षीय पुत्री मोहिनी की होली के दौरान रंग छुड़ाने के लिए नहर में नहाते समय डूबने से मौत हो गई थी। इस दर्दनाक घटना के बाद कौशाम्बी सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने शोकाकुल परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया था।

अब मृतका के पिता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने गांव के ही शिवकुमार यादव नामक व्यक्ति पर आरोप लगाया है कि वह सांसद से सहायता राशि दिलाने के नाम पर पांच हजार रुपये अपने हिस्से के रूप में मांग रहा है।

 (विधान केसरी टीम वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नही करती है) वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं तो यह बेहद निंदनीय और अमानवीय कृत्य है। एक तरफ जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आते हैं, वहीं दूसरी ओर यदि उनके नाम पर कोई व्यक्ति सहायता राशि में हिस्सेदारी मांगता है तो यह समाज और राजनीति दोनों के लिए शर्मनाक स्थिति है।

वीडियो वायरल होने के बाद कथित सपा नेता की क्षेत्र में जमकर आलोचना हो रही है। विपक्षी दलों और आम लोगों के बीच भी यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर आपदा और दुख की घड़ी में भी कुछ लोग अवसर तलाशने से बाज नहीं आते। क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है कि

क्या गरीब और दुखी परिवारों तक पहुंचने वाली मदद भी अब कुछ लोगों के लिए कमाई का जरिया बनती जा रही है और लोग लाश का भी सौदा करने लगें हैं। वायरल वीडियो ने राजनैतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |