अमेठीः पीड़ित परिवार के साथ हर कदम पर खड़ी हैं दीदी स्मृति -सुधांशु शुक्ला
June 06, 2026
अमेठी।जनपद अमेठी के थाना जामों क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा घाटमपुर के पूरे परमेश्वरी में अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक घटना घटित हुई, जिसमें ओमप्रकाश के कच्चे मकान की दीवार अचानक गिर जाने से उनकी पत्नी एवं पुत्री का असामयिक निधन हो गया, जबकि पुत्र दीपांशु गंभीर रूप से घायल हो गया।इस दुखद दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। घटना की सूचना प्राप्त होते ही पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री स्मृति इरानी को अवगत कराया गया। उन्होंने इस दुःखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं तथा भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला एवं अन्य पदाधिकारियों को तत्काल पीड़ित परिवार के बीच पहुंचने का निर्देश दिया। पोस्टमार्टम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने ओमप्रकाश की दूरभाष पर दीदी स्मृति इरानी से वार्ता कराई।इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है,किंतु इस कठिन समय में पूरा परिवार स्वयं को अकेला न समझे। भारतीय जनता पार्टी एवं हम सभी परिवारजन उनके साथ खड़े हैं। दीदी स्मृति इरानी ने आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा दुख की इस घड़ी में उन्हें हर प्रकार का सहयोग प्रदान किया जाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने भी शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा घायल दीपांशु के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
