म्यूजिक कॉन्सर्ट में गई युवक की जान, पिए हुआ था शराब
June 07, 2026
मुंबई के वर्ली स्थित एनएससीआई डोम में आयोजित एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में भारी भीड़ मौजूद थी। इसी बीच व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना के बाद आयोजन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
क्या मृतक ने मौत से पहले किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं इसकी जांच भी पुलिस कर रही है। प्राथमिक रूप से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक लड़के ने कॉन्सर्ट के दौरान शराब का सेवन किया था। मृतक की पहचान वृषभ महेंद्र गांगुर्डे के रूप में हुई है।
वृषभ मुंबई के माहिम इलाके का रहने वाला है, ऐसा बताया जा रहा है उसके साथ उसकी एक महिला मित्र भी कॉन्सर्ट में शामिल हुई थी। उसकी भी तबियत खराब हुई थी। इसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुंबई की ताडदेव पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
