Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आगरा: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का आगरा दौरा, योजनाओं व कानून व्यवस्था की समीक्षा


आगरा।  उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को आगरा पहुंचे। खेरिया एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ एवं पटका पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, खंदारी परिसर स्थित जे.पी. सभागार में आयोजित नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चैथा स्तंभ है और पत्रकार समाज तथा सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता पर बल दिया।

उपमुख्यमंत्री ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की अवधारणा का समर्थन करते हुए कहा कि इससे समय, संसाधन और धन की बचत होगी तथा विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए ऊर्जा संरक्षण और घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।

सम्मेलन के बाद उपमुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि योजनाओं की धनराशि समय से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

उन्होंने तहसीलों, ब्लॉक और थानों से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई, आमजन के साथ बेहतर व्यवहार तथा पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सरकारी राशन, आवास एवं अन्य योजनाओं में अनियमितता और भ्रष्टाचार के मामलों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। बैठक में पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |