शुकुलबाजार/अमेठी। क्षेत्र के ग्राम हुसैनपुर में शनिवार को सुंदरकांड पाठ के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित शीतला मां मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक सुरेश पासी ने प्रसाद वितरण कर किया।धार्मिक आयोजन में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सुंदरकांड पाठ एवं हनुमान जी के पूजन-अर्चन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के आयोजक एवं ग्राम प्रधान सतीश मिश्रा ने आए हुए अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। विधायक सुरेश पासी ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। भंडारे में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा और देर शाम तक श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा। आयोजकों ने सभी सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।