Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: भीषण गर्मी में स्काउट-गाइड बने राहत के दूत, मीठा जल सेवा शिविर में राहगीरों को मिली राहत


पीलीभीत। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश, जनपद पीलीभीत द्वारा मंगलवार को स्काउट भवन, पीलीभीत गेट पर मीठा जल सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राहगीरों, श्रमिकों और जरूरतमंद लोगों को शीतल एवं मीठा जल वितरित कर गर्मी से राहत प्रदान की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ सिटी मजिस्ट्रेट एवं मुख्यायुक्त विजय वर्धन तोमर ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके पश्चात उन्होंने स्वयं राहगीरों को मीठा जल पिलाकर सेवा कार्य की शुरुआत की और स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए समाजहित में निरंतर सेवा कार्यों के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विजय वर्धन तोमर ने कहा कि स्काउट-गाइड संगठन युवाओं में अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का कार्य कर रहा है। गर्मी के इस कठिन दौर में जल सेवा जैसे कार्यक्रम मानवता की सच्ची सेवा हैं, जिनसे समाज को सकारात्मक संदेश मिलता है।

शिविर के दौरान बड़ी संख्या में राहगीरों ने मीठा जल ग्रहण किया और इस पहल की सराहना की। तेज धूप और उमस भरे मौसम में इस सेवा शिविर से लोगों को काफी राहत मिली।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष सुरभि सक्सेना, आजीवन सदस्य जगदीश सक्सेना, अंशुमन तिवारी, अनीता मिश्रा तथा पूर्व जिला स्काउट मास्टर गोपाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

जिला संगठन आयुक्त (गाइड) शालिनी पांडे के मार्गदर्शन में जनपद की सभी तहसीलों में ऐसे सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को गर्मी के मौसम में राहत मिल सके।

पीलीभीत सेवा शिविर के प्रभारी एवं आईटी कोऑर्डिनेटर अभिषेक प्रजापति, जिला स्काउट मास्टर बेसिक वीर सिंह, अजय पाल शर्मा, शिखा, मोहिनी, मुस्कान, अनुष्का, कुमकुम, किरन, नीतू, अरुण, अंकित, कुशाग्र सहित बड़ी संख्या में स्काउट एवं गाइड स्वयंसेवक उपस्थित रहे और पूरे उत्साह के साथ सेवा कार्य में योगदान दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |