कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देशों तथा अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में पर्यटन विभाग, अग्निशमन विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कन्नौज सदर क्षेत्र में संचालित होटल, गेस्ट हाउस एवं मैरेज हॉलों का आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत कुल 08 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं वैधानिक व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने प्रतिष्ठानों में स्थापित अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता तथा अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन की विस्तार से जांच की। साथ ही सराय अधिनियम (ैंतंप ।बज) के अंतर्गत पंजीकरण की स्थिति का भी सत्यापन किया गया। इसके अतिरिक्त आपदा प्रबंधन की दृष्टि से प्रतिष्ठानों के संचालकों एवं कर्मचारियों को संभावित आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण एवं जागरूकता प्रदान की गई।
संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की अपर्याप्त व्यवस्था तथा सराय अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक पंजीकरण न होने जैसी कमियां पाई गईं। ऐसे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई तथा उन्हें निर्धारित समयावधि में सभी आवश्यक मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। होटल, गेस्ट हाउस एवं मैरेज हॉल संचालकों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करना होगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में जनहानि एवं दुर्घटना की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।
निरीक्षण टीम में जिला पर्यटन अधिकारी कन्नौज डॉ. एम. मकबूल, अग्निशमन अधिकारी सदर संदीप तंवर तथा आपदा प्रबंधन विभाग से सुश्री जयलक्ष्मी शामिल रहीं।
संयुक्त टीम द्वारा अवगत कराया गया कि यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। जिन प्रतिष्ठानों का संचालन बिना आवश्यक अनुमतियों अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत पाया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
