वृंदावन में श्रद्धालु युवती को छेड़ा तो मचा बवाल! मनचले को ऐसा पीटा कि लोग देखते रह गए
June 11, 2026
कान्हा की नगरी वृंदावन में श्रद्धालु युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक दूसरे युवक पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए उसकी सरेराह लात-घूंसों से पिटाई करता दिखाई दे रहा है। पीड़ित युवती के पक्ष में आए युवक ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया था।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो विद्यापीठ से इस्कॉन मंदिर मार्ग के बीच का है। एक श्रद्धालु युवती के साथ कथित अभद्रता और छेड़छाड़ किए जाने पर मौके पर मौजूद एक युवक ने आरोपी को पकड़ लिया और उसका विरोध करते हुए मारपीट कर दी। इस दौरान पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। वीडियो में मारपीट के साथ गाली-गलौज की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं।
सरेराह हुई इस धुनाई और छेड़छाड़ के आरोपों का यह वीडियो स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, वीडियो की पुष्टि और घटना के संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कुछ दिन पहले भी परिक्रमा मार्ग पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी। दरअसल, परिक्रमा मार्ग के रमणरेती क्षेत्र में रात को श्रद्धालुओं की भीड़ परिक्रमा कर रही थी। बाइक पर सवार पीछे बैठे युवक के हाथ में पानी की बोतल थी। ग्रुप में परिक्रमा लगाती महिला और युवतियों के समीप पहुंच युवक पानी की बोतल ऐसी जगह मारता दिख रहा था, जिसे देख युवतियां सहम रही थीं। कुछ लोगों ने उन्हें रोका तो वे माफी मांगने लगे। इसके बाद आरोपित युवक चले गए।
वृंदावन और मथुरा में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु देश-विदेश से दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। पुलिस द्वारा समय-समय पर कार्रवाई किए जाने के बावजूद कुछ मनचले तत्व धार्मिक नगरी की छवि को धूमिल करने से बाज नहीं आ रहे हैं। वायरल वीडियो के बाद एक बार फिर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
