प्रतापगढ़। मुख्य विकास अधिकारी राम मोहन मीणा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला खेलकूद एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिला खेल कार्यालय स्थित अत्याधुनिक जिम में तैनात अंशकालिक ट्रेनर की पुनर्नियुक्ति, क्रिकेट पिच निर्माण के लिए 50 ट्रक काली मिट्टी की व्यवस्था तथा मुख्य खेल मैदान के समतलीकरण हेतु 100 ट्रॉली मिट्टी उपलब्ध कराने के प्रस्तावों पर विचार किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं एवं एसजीएफआई, सीबीएसई, आईसीएसई, केवी, विद्या भारती सहित अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों के खिलाड़ियों को अधिकतम ₹5000 तक के खेल प्रशिक्षण उपकरण उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
खेलों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से स्टेडियम में संचालित ताइक्वांडो, क्रिकेट, हैंडबॉल, एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, तलवारबाजी एवं फुटबॉल प्रशिक्षण शिविरों की जानकारी स्कूलों तक पहुंचाने के लिए 100 बड़े पोस्टर छपवाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
बैठक में “खेलेगा प्रतापगढ़, खिलेगा प्रतापगढ़” अभियान के अंतर्गत स्टेडियम के आसपास के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए दौड़, तलवारबाजी, कबड्डी, कुश्ती एवं फुटबॉल प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी सहमति बनी। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को खेलों तथा स्टेडियम गतिविधियों से जोड़ना है।
मुख्य विकास अधिकारी राम मोहन मीणा ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला भी हैं। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं समिति सदस्यों से जिला खेल कार्यालय स्थित जिम की सदस्यता ग्रहण करने तथा खेल गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि बी.एल. वर्मा, विधायक प्रतिनिधि अरुण मौर्य, एसडीएम सदर अनुष्का शर्मा, सीओ पुलिस लाइन शिव नारायण वैश्य, जिला सूचना अधिकारी सविता यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रघुराज बहादुर सिंह, पूर्व रणजी खिलाड़ी आदित्य शुक्ला सहित विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन उप क्रीड़ाधिकारी रंजीत यादव ने किया। अंत में सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
