आगरा। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार सुबह आगरा प्रवास के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर परिवार सहित दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त प्रातः करीब 6 बजे प्राचीन कैलाश मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर के महंत निर्मल गिरी के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने अपने पूर्वजों की छतरी पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसके पश्चात वह विजय नगर कॉलोनी स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर पहुंचे, जहां स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा पटका पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। उन्होंने मंदिर में दर्शन-पूजन कर क्षेत्रवासियों से भी मुलाकात की।
इसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार प्राचीन मनकामेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां महंत योगेश पुरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका पूजन-अर्चन कराया। मंदिर परिसर में उन्होंने स्थानीय व्यापारी रामदास विजय कुमार से भी भेंट की।
मीडिया से बातचीत में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि हाल ही में पांच राज्यों में सफलतापूर्वक एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराए गए हैं और आगामी चुनाव भी पूरी पारदर्शिता के साथ कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ष्शुद्ध और पारदर्शी मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला है।
उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपना नाम अवश्य जुड़वाएं और लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर मतदान करें। अधिकाधिक मतदान से लोकतांत्रिक व्यवस्था और मजबूत होगी।
