Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः पप्पू गुप्ता हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई! बिलसंडा थाना प्रभारी लाइन हाजिर, सर्विलांस प्रभारी को मिली कमान


पीलीभीत। चर्चित पप्पू गुप्ता हत्याकांड में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलसंडा थाना प्रभारी सिद्धांत को लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह सर्विलांस सेल के प्रभारी जगदीप सिंह मलिक को बिलसंडा थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई को हत्याकांड के बाद उठे सवालों और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है। गौरतलब है कि 28 मई को बिलसंडा कस्बे में कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना उस समय हुई थी जब वह एक विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे थे। अचानक हुई गोलीबारी में व्यापारी की मौत से पूरे कस्बे में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। व्यापारिक संगठनों ने बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई थी।हत्याकांड के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और लगातार दबिश देकर अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियारों और अन्य साक्ष्यों को भी बरामद किया है। इसके बावजूद मामले को लेकर पुलिस की शुरुआती कार्रवाई और सतर्कता पर सवाल उठते रहे। स्थानीय लोगों का आरोप था कि यदि समय रहते प्रभावी कदम उठाए गए होते तो घटना को टाला जा सकता था। इसी बीच पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने मामले की गहन समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया शुरू की। जांच में लापरवाही सामने आने पर सबसे पहले कस्बा चैकी प्रभारी और दो कांस्टेबलों को निलंबित किया गया था। अब कार्रवाई की अगली कड़ी में थाना प्रभारी सिद्धांत को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था और संवेदनशील मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें चूक करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उधर, बिलसंडा थाने की कमान संभालने वाले नए प्रभारी जगदीप सिंह मलिक को अपराध नियंत्रण और तकनीकी जांच के क्षेत्र में अनुभवी अधिकारी माना जाता है। सर्विलांस सेल में रहते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों के खुलासे में अहम भूमिका निभाई है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है। पप्पू गुप्ता हत्याकांड ने पूरे जनपद को झकझोर कर रख दिया था। अब पुलिस प्रशासन की ओर से की जा रही लगातार कार्रवाई को मामले में जवाबदेही तय करने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं व्यापारी समाज की निगाहें अभी भी इस बात पर टिकी हैं कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और मुकदमे की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |