Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः घुंघचाई मोड़ पर दर्दनाक सड़क हादसारू निजी बस की टक्कर से ई-रिक्शा चकनाचूर, दो की मौत, तीन घायल


पीलीभीत। जिले के पूरनपुर-मैगलगंज हाईवे पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। घुंघचाई क्षेत्र के समीप स्थित मोड़ पर तेज रफ्तार निजी बस और ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार सुबह लगभग पांच बजे पूरनपुर से सवारियों को लेकर एक ई-रिक्शा घुंघचाई की ओर जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर तेज गति से आ रही एक निजी बस ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलटते हुए कई फीट दूर जा गिरा और उसके अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में सवार सभी यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही घुंघचाई पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ई-रिक्शा से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर भेजा गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद कढ़ेया कनपारा निवासी सूरजपाल (40 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बाबूराम (55 वर्ष) तथा ई-रिक्शा चालक महबूब अली (60 वर्ष) को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बाबूराम ने भी दम तोड़ दिया।

हादसे में बाबूराम के साथ यात्रा कर रहे उनके पौत्र विवेक (13 वर्ष) और पौत्री मीनाक्षी (9 वर्ष) भी घायल हो गए। दोनों का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है। परिजनों के अनुसार परिवार किसी आवश्यक कार्य से यात्रा पर निकला था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया।

घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में रिश्तेदार और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के संचालन पर चिंता जताते हुए सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बस चालक की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

घुंघचाई मोड़ पर हुई इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर वाहनों की बढ़ती गति और लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिन पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |