अमेठीः आरआरएसआईएमटी में एमबीए छात्रों का हुआ भव्य फेयरवेल समारोह
June 05, 2026
अमेठी। राजर्षि रणंजय सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (आरआरएसआईएमटी), मुंशीगंज में शुक्रवार को एमबीए अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए भव्य विदाई समारोह (फेयरवेल) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एमबीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जिसमें अंतिम वर्ष के छात्रों को भावभीनी विदाई दी गई। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मनोरंजक खेलों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, प्रतिभा एवं प्रस्तुति के आधार पर स्वाति मिश्रा को मिस फेयरवेल तथा शैलेश तिवारी को मिस्टर फेयरवेल चुना गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के निदेशक डॉ. शशांक श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में यह एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि कॉर्पोरेट जगत में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर सीखने की प्रवृत्ति तथा बदलती तकनीकों के अनुरूप स्वयं को विकसित करना आवश्यक है। एमबीए विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मविश्वास, लगन, कड़ी मेहनत एवं धैर्य सफलता की कुंजी हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी उत्तीर्ण हो रहे विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न एवं उपहार प्रदान कर शुभकामनाओं के साथ विदाई दी गई। इस अवसर पर डॉ. अरुण कुमार सिंह, डॉ. चंदा रानी, विनोद यादव, एसपी पाण्डेय, नितेश सिंह, गिरजा शंकर मिश्रा, मीनाक्षी पांडेय, प्रवीण मिश्रा एवं आलोक श्रीवास्तव सहित संस्थान के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
