प्रतापगढ। किसानों को आधुनिक, टिकाऊ एवं लाभकारी खेती के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से संचालित विकसित कृषि संकल्प अभियान एवं खेत बचाओ अभियान-2026 के तहत बुधवार को जनपद के विभिन्न विकास खण्डों में कृषि संगोष्ठियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को नई तकनीकों, प्राकृतिक खेती तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया। अभियान के अंतर्गत विकास खण्ड लक्ष्मणपुर के ग्राम सभा चंदाव सोम बनियान व छेमर सराय, विकासखण्ड़ लालगंज की ग्राम सभा समापुर व काजीपुर एवं विकास खण्ड़ मान्धाता के ग्रामसभा बेलखारी व पूरे लाल में कृषि जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और कृषि विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर खेती से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. प्रसेनजीत देबनाथ, एम.पी. सिंह, यतेंद्र कुमार, डॉ. एन.के. सिंह एवं पी.के. सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने, उत्पादन लागत कम करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। विशेषज्ञों ने बीज शोधन, भूमि परीक्षण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, संतुलित उर्वरक प्रयोग, हरी खाद के उपयोग तथा जैव उर्वरकों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही फसलों को रोगों एवं कीटों से बचाने, मृदा स्वास्थ्य सुधारने तथा पर्यावरण अनुकूल खेती अपनाने के उपायों की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान किसानों का फार्मर रजिस्ट्रीकरण भी कराया गया तथा उन्हें कृषि विभाग एवं अन्य विभागों द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
उप कृषि निदेशक अश्विनी कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया है कि दिनांक 19.06.2026 को विकास खण्ड विहार के ग्राम सभा बरना व बहारिया, विकास खण्ड़ बाबागंज की ग्राम सभा बेल्हामाई व कोटा भवानी गंज एवं विकास खण्ड़ रामपुर संग्रामगढ़ के ग्रामसभा महेशपुर रामपुर व कामापट्टी विकसित कृषि संकल्प अभियान एवं खेत बचाओ अभियान-2026 का आयोजन किया जायेगा।
