खान सर के कोचिंग सेंटर में फायर सेफ्टी की जांच, नियमों की हुई अनदेखी
June 07, 2026
खान सर फायरिंग मामले में मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। इस बीच, पटना स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर 'खान ग्लोबल स्टडीज' में फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच के लिए रविवार को फायर सेफ्टी डिपार्टमेंट की एक ऑडिट टीम पहुंची और सेफ्टी व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया।
इस जांच के दौरान संस्थान में आग से बचाव के इंतजामों, इमरजेंसी एग्जिट, अग्निशमन उपकरणों और तय सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई, जिसमें कई गंभीर कमियां सामने आई हैं।
इस मामले पर जानकारी देते हुए बिहार फायर सर्विस के कमांडेंट रितेश कुमार पांडे ने बताया कि विभाग ने इससे पहले 25 मई को भी इस कोचिंग संस्थान की जांच की थी। उस समय पाया गया था कि यह 5 मंजिला भवन लगभग 4000 स्क्वायर मीटर एरिया में फैला है और इसकी ऊंचाई 18 मीटर है। अग्निशमन सेवा अधिनियम की नियमावली के तहत जो सुरक्षा इंतजाम होने चाहिए थे, वे वहां मौजूद नहीं थे।
कमांडेंट के मुताबिक, 31 मई को संस्थान को एक आधिकारिक नोटिस जारी कर 15 दिनों का समय दिया गया था। इसी सिलसिले में 15 जून की समयसीमा समाप्त होने से पहले आज टीम यह देखने पहुंची थी कि दिए गए सुझावों पर काम शुरू हुआ है या नहीं।
टीम ने भवन में पर्याप्त मात्रा में फायर एक्सटिंग्विशर लगाने के निर्देश दिए हैं। बिहार फायर सर्विस ने कोचिंग संचालक को मानकों का पालन करने के लिए 7 से 10 दिन का अंतिम समय दिया है। विभाग ने साफ कर दिया है कि तय समय के बाद इस पूरी व्यवस्था की रिव्यू की जाएगी।
अग्निशमन विभाग ने कोचिंग प्रबंधन को एक सप्ताह के भीतर सभी जरूरी सुरक्षा मानकों को पूरा करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों का कहना है कि बड़ी संख्या में छात्र प्रतिदिन संस्थान में आते हैं, इसलिए अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यह संस्थान का दूसरा फायर ऑडिट था। पहले निरीक्षण के दौरान भी कई सुझाव दिए गए थे, लेकिन अब तक उन पर संतोषजनक अमल नहीं किया गया।
