सिंहपुरः युवती के पिता ने पुलिस पर शिकायत बदलने का लगाया आरोप, कार्रवाई से असंतुष्ट परिवार
June 13, 2026
सिंहपुर/अमेठी । शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पीड़िता के पिता ने थाना शिवरतनगंज पुलिस पर उनकी दी गई शिकायत को बदलने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने गंभीर आरोपों के संबंध में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा छेड़छाड़ से संबंधित धाराओं में दर्ज कर लिया।पीड़िता के पिता का आरोप है कि दर्ज किए गए मुकदमे में उनकी शिकायत के तथ्यों को पूरी तरह शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि परिवार पुलिस की इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है और मामले में निष्पक्ष जांच तथा उचित धाराओं में कार्रवाई की मांग कर रहा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मुकदमा प्राप्त शिकायत, उपलब्ध साक्ष्यों और प्रारंभिक जांच के आधार पर दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्रा ने बताया कि पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस और पीड़ित परिवार के दावों के बीच मतभेद बना हुआ है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
