- सपा पर किया तीखा हमला कहा ष्सपा कट्टा बनाती थी, हम ब्रह्मोस बना रहे
- 569 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात 55 साल बाद मिला जमीन और नागरिकता का अधिकार
- कांग्रेस-सपा पर तीखे हमले, कानून-व्यवस्था और विकास पर गिनाईं उपलब्धियां
पीलीभीत। बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पतरासा कुंवरपुर में सोमवार को आयोजित विशाल जनसभा प्रदेश की राजनीति और विकास दोनों दृष्टि से ऐतिहासिक बन गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद को 569 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए पांच दशक से अधिक समय से विस्थापन का दर्द झेल रहे हजारों बंगाली हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध परिवारों को जमीन के पट्टे और भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र सौंपे। मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि ष्अब दुनिया की कोई ताकत इन परिवारों को यहां से नहीं हटा सकती।ष् उनके इस ऐलान पर पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल जमीन का पट्टा नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकार की वापसी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने 55-56 वर्षों तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाए, राजस्व और वन विभाग की प्रक्रियाओं में उलझे रहे तथा अपने ही देश में पहचान और मालिकाना हक के लिए संघर्ष किया, आज उनकी पीड़ा समाप्त हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार ने उन विस्थापित परिवारों को न्याय दिलाया है, जिन्हें दशकों तक केवल वोट बैंक की राजनीति के कारण उपेक्षित रखा गया। उन्होंने बताया कि पीलीभीत के लगभग 2500 परिवारों को इसका लाभ मिला है, जबकि प्रदेश में ऐसे 55 हजार से अधिक परिवारों को चरणबद्ध तरीके से नागरिकता और भूमि अधिकार दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन विभाग और भारत सरकार की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शेष पात्र परिवारों को भी यह अधिकार मिलेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि किसी भी पात्र परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
विकास और विरासत दोनों पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीलीभीत प्राकृतिक सौंदर्य, विश्व प्रसिद्ध टाइगर रिजर्व, जैव विविधता और भगवान श्रीकृष्ण की बांसुरी के लिए प्रसिद्ध पवित्र भूमि है। डबल इंजन सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का कार्य भी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, उद्योग और पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।
उन्होंने जनपद से शामली और गोरखपुर तक प्रस्तावित आर्थिक कॉरिडोर, गंगा एक्सप्रेसवे और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
लाभार्थियों पर हुई योजनाओं की बारिश
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को करोड़ों रुपये की सहायता वितरित की। मृतक होमगार्ड के आश्रित को 38 लाख रुपये की बीमा राशि, कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत 24 लाख रुपये की सहायता, नंदनी कृषक समृद्धि योजना के तहत 31.25 लाख रुपये का अनुदान, स्वयं सहायता समूहों को 10 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये का रिवॉल्विंग फंड और सीआईएफ, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र एवं आवास की चाबियां सौंपी गईं।
कांग्रेस पर विभाजन का आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश का विभाजन कांग्रेस की सत्ता लोलुपता का परिणाम था। यदि तत्कालीन नेतृत्व दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाता तो भारत का विभाजन नहीं होता और लाखों हिंदुओं को अपना घर छोड़कर शरणार्थी बनने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक इन विस्थापित परिवारों की कोई चिंता नहीं की और उन्हें केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया।
जिन्ना को लेकर दिया बड़ा बयान
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि यदि जिन्ना अपनी मौत मर गया होता तो भारत का दुर्भाग्यपूर्ण विभाजन नहीं होता और लाखों हिंदुओं का कत्लेआम भी नहीं होता। उनके इस बयान पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद समर्थकों ने जोरदार समर्थन जताया।
बबुआ 12 बजे उठेंगे...
समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को गरीबों की चिंता नहीं है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहाष्बबुआ 12 बजे उठेंगे, 2 बजे तैयार होंगे और 5 बजे जिम चले जाएंगे। ऐसे लोगों के पास गरीब, किसान और विस्थापित परिवारों के लिए समय कहां है?
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का विकास केवल परिवारवाद तक सीमित रहा, जबकि भाजपा सरकार पूरे प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रही है।
साइकिल चलेगी तो दंगे होंगे
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफिया, रंगदारी, भू-माफिया और दंगों का बोलबाला था। आज अपराधी कानून के सामने आत्मसमर्पण करने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा ष्उत्तर प्रदेश की जनता ने साइकिल को पंचर कर दिया है। अगर साइकिल चलेगी तो दंगे होंगे, कर्फ्यू लगेगा।ष्
नो दंगा, नो कर्फ्यू... अब यूपी में सब चंगा
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार में प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा
नो दंगा, नो कर्फ्यू...अब यूपी में सब चंगा।
उन्होंने कहा कि व्यापारी, महिलाएं और आम नागरिक अब सुरक्षित महसूस कर रहे हैं तथा अपराधियों को किसी भी कीमत पर संरक्षण नहीं मिलेगा।
सपा कट्टा बनाती थी, हम ब्रह्मोस बना रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बन रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहाष्समाजवादी कट्टा बनाते थे, हम ब्रह्मोस मिसाइल बना रहे हैं। जब ब्रह्मोस पाकिस्तान में दागी जाती है तो वहां बाप-बाप चिल्ला उठता है।
उन्होंने कहा कि लखनऊ का डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।
भूमाफियाओं को चेतावनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद सरकार ने भूमाफियाओं को साफ संदेश दिया कि सरकारी और गौशाला की जमीन पर कब्जा छोड़ दें, अन्यथा कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में भूमाफिया कानून के सामने हाथ जोड़ने को मजबूर हैं।
जनप्रतिनिधियों को दिया भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीलीभीत के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने मंच से मौजूद जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे जनहित के जो भी प्रस्ताव भेजेंगे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जाएगी।कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार, प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख, जिला पंचायत अध्यक्ष दलजीत कौर, विधायक विवेक वर्मा, स्वामी प्रवक्तानंद, बाबूराम पासवान, विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता सहित भाजपा के अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
