Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: विकास में रोड़े या सियासी साजिश? सैकड़ों समर्थकों संग कलेक्ट्रेट पहुंचीं! चेयरमैन संदीप कौर, कहा- असामाजिक तत्वों ने नगर पंचायत को बना रखा है बंधक


पीलीभीत। नगर पंचायत पकड़िया नौगांवा की भाजपा अध्यक्ष संदीप कौर सोमवार को सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं और जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर नगर पंचायत के विकास कार्यों में कथित रूप से व्यवधान डालने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने के चलते कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और भारी पुलिस बल तैनात रहा।

कलेक्ट्रेट पहुंचे समर्थकों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत क्षेत्र में कुछ असामाजिक और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग जनप्रतिनिधियों का नाम लेकर खुद को प्रभावशाली साबित करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोग विकास कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप कर नगर पंचायत की योजनाओं को प्रभावित कर रहे हैं, जिससे जनता के हित से जुड़े कार्य बाधित हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विकास की रफ्तार को रोकने के लिए सुनियोजित तरीके से माहौल खराब किया जा रहा है।शिकायती पत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों से कथित अवैध वसूली और धमकी का गंभीर मुद्दा भी उठाया गया। आरोप लगाया गया कि कुछ लोग लाभार्थियों से धन की मांग कर रहे हैं और पैसा न देने पर उनके खिलाफ शिकायत करने तथा आवास की स्वीकृति रद्द कराने की धमकी दे रहे हैं। इस कथित दबाव और भय के कारण गरीब लाभार्थियों में असुरक्षा और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

नगर पंचायत अध्यक्ष संदीप कौर ने कहा कि कुछ लोग स्वयं और अपने सहयोगियों के माध्यम से विभिन्न विभागों तथा अधिकारियों को लगातार शिकायतें भेज रहे हैं। उनका आरोप है कि इन शिकायतों में अधिकांश तथ्यहीन और निराधार हैं तथा इनका मकसद केवल प्रशासनिक कार्यों में बाधा पहुंचाना और जनप्रतिनिधियों की छवि को धूमिल करना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को रोकने के लिए शिकायतों को हथियार बनाया जा रहा है।

चेयरमैन ने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में संबंधित व्यक्तियों द्वारा की गई अनेक शिकायतों की विभिन्न स्तरों पर जांच कराई जा चुकी है, लेकिन किसी भी जांच में नगर पंचायत, उसके अधिकारियों अथवा कर्मचारियों की संलिप्तता साबित नहीं हुई। इसके बावजूद बार-बार एक जैसे आरोप लगाकर प्रशासन का समय और संसाधन बर्बाद किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे नगर पंचायत के सुचारु संचालन के खिलाफ एक सुनियोजित अभियान बताया।

कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद समर्थकों ने भी तीखा आक्रोश जताते हुए कहा कि यदि विकास कार्यों में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई तो जनता के बीच गलत संदेश जाएगा। उनका कहना था कि क्षेत्र में सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और आवास योजनाओं सहित कई विकास परियोजनाएं चल रही हैं, लेकिन कुछ लोग निजी स्वार्थों के कारण इन कार्यों में रुकावट पैदा कर रहे हैं।संदीप कौर ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने, अवैध वसूली तथा धमकी देने के आरोपों की सत्यता सामने लाने और विकास कार्यों में व्यवधान डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है और किसी भी कीमत पर विकास कार्यों को बाधित नहीं होने दिया जाएगा।

मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और प्रशासन इस पूरे विवाद पर क्या कदम उठाता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |