Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: मेधावियों का हुआ भव्य सम्मान, 21-21 हजार के चेक और मेडल देकर बढ़ाया उत्साह! मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देख छात्र-छात्राओं में दिखा उत्साह, अभिभावक और शिक्षक भी हुए सम्मानित


पीलीभीत। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह के अंतर्गत सोमवार को गांधी सभागार में जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया। इस अवसर पर जनपद के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, बरखेड़ा विधायक, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

समारोह के दौरान हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने वाले कुल 22 मेधावी छात्र-छात्राओं को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं 21-21 हजार रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए। सम्मानित विद्यार्थियों में हाईस्कूल के प्रांजल मौर्य, यश प्रजापति, युवराज, कृति गोस्वामी, अक्षरा, अंशिका देवी, शिवा कश्यप, राजवीर, आदित्य गंगवार, प्रमोद कुमार, विकास वर्मा और अनामिका वर्मा सहित इंटरमीडिएट वर्ग की दर्शिका शर्मा, प्रियांशी देवी, ऋषभ भास्कर, नितिन वर्मा, साक्षी, अमन गंगवार, अमन वर्मा, मानवी वर्मा, साक्षी गिहार एवं पंखुड़ी को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि मेधावियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे माता-पिता के मार्गदर्शन और शिक्षकों की मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि आज के मेधावी विद्यार्थी ही कल के वैज्ञानिक, प्रशासक, शिक्षक और राष्ट्रनिर्माता बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य और बरखेड़ा विधायक ने भी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में समय प्रबंधन, अनुशासन और निरंतर प्रयास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उपलब्धि नहीं बल्कि नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी ही विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला है और सभी विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला नोडल अधिकारी माध्यमिक शिक्षा इंतजार खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक, परियोजना निदेशक, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और गौरव का वातावरण बना रहा तथा सम्मानित विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |