Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

श्रीलंका में 'वेसाक' त्योहार मना रहे लोगों को पिकअप ने रौंदा, 6 की मौत



श्रीलंका में एक बौद्ध त्योहार के दौरान पिकअप की टक्कर से 6 लोगों की मौत हो गई। घटना में 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक वेसाक त्योहार मना रहे लोगों की भीड़ सड़क किनारे खाने का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप ने भीड़ में खड़े कई लोगों को टक्कर मार दी। जानकारी के मुताबिक पिकअप चालक नशे में था। घटना के बाद वह फरार हो गया, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।

पुलिस ने बताया कि कोलंबो के बाहरी इलाके में कुछ लोग बौद्ध त्योहार वेसाक मना रहे थे। इस दौरान नशे में धुत एक व्यक्ति ने भीड़ के बीच पिकअप घुसा दी। इस घटना में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। मामला रविवार रात का बताया जा रहा है। यहां कोलंबो के उपनगर मीगोडा में वेसाक उत्सव मनाया जा रहा था। इस दौरान सड़क किनारे खाने के लिए लगी दुकानों पर कुछ लोग इंतजार कर रहे थे, तभी पिकअप ने लोगों को रौंद दिया।

पुलिस के मुताबिक हादसे में 35 से 38 वर्ष की आयु के तीन पुरुषों और 15 से 56 वर्ष की आयु की तीन महिलाओं की मौत हो गई। इस दौरान एक शिशु सहित 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि 42 वर्षीय चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया। हालांकि कुछ दूरी पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसने शराब का सेवन किया था और गाड़ी चलाते समय वह नशे में था।

बता दें कि वेसाक बौद्ध अनुयायियों का सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है। यह भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण की स्मृति में मनाया जाता है। यह हर साल मई में पहली पूर्णिमा को मनाया जाता है। इस मौके पर पूरे श्रीलंका में, श्रद्धालु मुफ्त भोजन के स्टॉल लगाते हैं, जहां वे लोगों को जलपान और भोजन उपलब्ध कराते हैं, जिससे उत्सव के दौरान भारी भीड़ उमड़ती है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |