आम की गुठली से घर में उगाएं आम का पौधा, 4-5 दिन में हो जाएगा तैयार
June 22, 2026
इन दिनों बाजार में अलग-अलग तरह के आम आ रहे हैं। लोग बड़े स्वाद से आम खाते हैं और गुठली फेंक देते हैं। लेकिन अगर आप आम के शौकीन हैं तो गुठली को फेंकने की बजाय इससे पौधा उगा सकते हैं। जी हां आप घर में बड़ी आसानी से दशहरी, लंगड़ा, अल्फांसो और दूसरी किस्म के आम के पौधे लगा सकते हैं। आप आम के बीज या गुठली को गमले में, जमीन में या किसी खेत में कहीं भी उगा सकते हैं। बड़ा होने पर पौधे को जमीन में ट्रांसफर कर सकते हैं। वैसे आम की गुठली को मिट्टी में लगाने के करीब 15-20 दिन बाद पौधा उगता है लेकिन हम जिस ट्रिक से पौधा लगाना बता रहे हैं उससे 4-5 दिन में ही आम का पौधा उग जाएगा। आइये जानते हैं गुठली से आम का पौधा उगाने का आसान तरीका क्या है।
आम की गुठली से पौधा कैसे उगाएं
पहला स्टेप- सबसे पहले आम की गुठली लें और उसे अच्छी तरह से धो लें। अब गुठली के ऊपरी कवर को किनारों से काट लें। गुठली काफी कड़ी होती है इसलिए इसे काटते वक्त सावधानी बरतें क्योंकि इससे आपके हाथ में भी लग सकती है। आप चाहें तो गुठली के ऊपर हिस्से को किसी भारी चीज से हल्का तोड़ भी सकते हैं। ध्यान रखें गुठली के अंदर पाया जाने वाला बीज पूरी तरह से सुरक्षित और सही होना चाहिए। अगर आप पूरी गुठली को ही मिट्टी में गाढ़ते हैं तो इससे पौधा उगने में काफी वक्त लगता है।
दूसरा स्टेप- अब गुठली के ऊपरी कवच को हटाकर अंदर से जो बीच निकला है उसे लें और मिट्टी के अंदर लगा दें। आप जो भी मिट्टी प्लांट लगाने के लिए इस्तेमाल करते हैं उसका ही इस्तेमाल आम का पौधा लगाने के लिए भी करें। मिट्टी को हल्का खोदकर उसके अंदर बीच को खड़ा करके रख दें। बीज में आपको एक तरफ मुंह जैसा दिखाई देगा। आम के बीज का वो हिस्सा ऊपर की ओर होना चाहिए।
तीसरा स्टेप- बीच को बहुत ज्यादा गहरा नहीं दबाना है। मिट्टी में दबाने के बाद बस एक हल्की सी परत मिट्टी की ऊपर से डालनी है। अब गमले में पानी डाल दें और इसे हल्की धूप वाली जगह या घर के अंदर कहीं भी रख सकते हैं। जब पौधा निकल आए और मिट्टी सूखी लगे तभी पानी डालें। करीब 4 दिन में पौधा निकल आएगा और 5-6 दिन में आपको आम के पौधे पर छोटी-छोटी पत्तियां भी दिखने लगेंगी। इस तरह से उगाए हुए आम में काफी दिनों में फल आता है।
अगर आप चाहते हैं कि आम के पौधे में जल्दी फल आए तो इसके लिए किसी दूसरे आम आने वाले पौधे की पत्तियों से इसकी ग्राफ्टिंग कर लें। इससे आम के पौधे पर जल्दी फल आने लगेगा। बाजार में ग्राफ्ट गिए हुए पौधे भी मिल जाते हैं। आप चाहें तो इसे घर में भी कर सकते हैं।
