लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन के थाना सरोजनीनगर परिसर में वर्षों से खड़े विभिन्न मुकदमों से संबंधित 31 लावारिस वाहनों की सार्वजनिक नीलामी सोमवार को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। नीलामी की प्रक्रिया माननीय अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट- टप्प्प् एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) के आदेशों के अनुपालन में गठित समिति की निगरानी में पूरी की गई।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनन्द तथा अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली वसन्थ कुमार के निर्देशन में आयोजित इस नीलामी का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर अभिषेक कुमार पाण्डेय एवं प्रभारी निरीक्षक सरोजनीनगर राजदेवराम प्रजापति ने किया। थाना परिसर में खुले स्थान पर आयोजित नीलामी में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वतंत्र रूप से बोली लगाई।
नीलामी के दौरान सभी 31 वाहनों के लिए सर्वाधिक ₹1,10,500 की बोली लगाने वाले वजीर अली, निवासी सालेहनगर, बंगला बाजार, थाना आशियाना, लखनऊ को सभी वाहन नियमानुसार नीलाम कर दिए गए। पुलिस प्रशासन के अनुसार नीलामी से प्राप्त पूरी धनराशि सरकारी नियमों के तहत राजकीय कोष में जमा कराई जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की कार्रवाई से थाना परिसरों में वर्षों से खड़े लावारिस वाहनों का विधिसम्मत निस्तारण होने के साथ-साथ सरकारी संपत्तियों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित होता है तथा पारदर्शिता भी बनी रहती है।
.jpg)