बीसलपुर। क्षेत्र के ग्राम मकरंदापुर स्थित जमुनिया-महुआ मार्ग पर बने मौर्य टेंट हाउस के गोदाम में शनिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग से टेंट हाउस संचालक अवधेश मौर्य को लगभग 30 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।जानकारी के अनुसार रविवार तड़के करीब तीन बजे जब गोदाम खोलकर सामान निकालने का प्रयास किया गया तो अंदर से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग से बड़े-छोटे जनरेटर, कुर्सियां, मेजें तथा टेंट हाउस का अन्य सामान पूरी तरह जल गया। गोदाम भवन को भी भारी क्षति पहुंची है।गोदाम स्वामी अवधेश मौर्य ने बताया कि गोदाम का निर्माण पिछले वर्ष ही कराया गया था तथा हाल ही में 125 केवीए क्षमता का नया जनरेटर भी खरीदा गया था, जो आग में जलकर नष्ट हो गया। विशेष बात यह है कि गोदाम के अंदर बिजली कनेक्शन नहीं था और न ही उसके ऊपर कोई विद्युत लाइन गुजर रही थी, जिससे आग लगने का कारण संदेह के घेरे में बना हुआ है।
घटना की सूचना राजस्व विभाग और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल ने निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी है। अचानक हुई इस घटना से टेंट हाउस संचालक के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
