ओमान में हुए हमले में 3 भारतीयों की गई जान, अमेरिका बोला- 60 चेतावनियां दीं
June 15, 2026
ओमान की खाड़ी में अमेरिकी सेना के हमले का शिकार बने पलाऊ झंडे वाले कारोबारी जहाज एमटी सेट्टेबेलो को लेकर अमेरिका ने अपनी सफाई दी है. अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि जहाज को निशाना बनाने से पहले उसे करीब 60 बार मौखिक चेतावनी दी गई थी और कम से कम आठ बार ताकत का प्रदर्शन भी किया गया था.
अमेरिकी सेना के अनुसार, जहाज को रोकने के लिए फ्लेयर्स दागे गए, उसके ऊपर से सैन्य विमान उड़ाए गए और अंतिम दो चेतावनियां भी दी गईं. इसके बाद बुधवार को एक अमेरिकी विमान ने जहाज के इंजन रूम को निशाना बनाते हुए सटीक हथियारों से हमला किया. भारतीय अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई.
अमेरिकी अधिकारी ने दावा किया कि यह जहाज तथाकथित "शैडो फ्लीट" का हिस्सा था और ईरानी तेल के अवैध परिवहन तथा प्रतिबंधों से बचने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. अधिकारी के अनुसार, जहाज कई बार अमेरिकी नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहा था और अमेरिकी बलों ने दो सप्ताह के दौरान उससे कई बार संपर्क किया था. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि हमला करने से पहले चालक दल को इंजन रूम खाली करने के लिए 15 मिनट का समय दिया गया था. उसने यह भी कहा कि 60 दिनों से लागू नाकेबंदी का सख्ती से पालन कराया जाएगा. इस घटना के बाद भारत ने कड़ा विरोध जताया. नई दिल्ली ने पिछले सप्ताह अमेरिकी प्रभारी राजदूत को तलब कर ओमान तट के पास हुए हमले पर आपत्ति दर्ज कराई. जहाज पर कुल 24 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि जहाज ईरान से तेल ले जा रहा था और अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन कर रहा था. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के विदेश मंत्री से बातचीत में कहा कि सभी कारोबारी जहाजों को अमेरिकी बलों के निर्देशों का पालन करना चाहिए. अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर सहमति बन गई है. दोनों देशों ने सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई तुरंत और स्थायी रूप से रोकने पर सहमति जताई है. यह समझौता 19 जून को स्विट्जरलैंड में हस्ताक्षरित होने वाला है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि ईरान के साथ समझौता पूरा हो गया है. होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी हटाने की अनुमति देने की घोषणा भी की.
