Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

कन्नौज: राज्यस्तर पर 3 एवं जनपद स्तर 19 मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित! राज्य मंत्री असीम अरुण ने युवाओं को विकसित भारत के निर्माण का बताया आधार


कन्नौज - उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर लोक भवन लखनऊ से मुख्यमंत्री जी का लाइव प्रसारण को देखा व सुना गया। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मा० राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास तथा अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) श्री देवेन्द्र सिंह द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

इस अवसर पर हाईस्कूल के 09 तथा इंटरमीडिएट के 10, कुल 19 मेधावी छात्र-छात्राओं को माल्यार्पण, स्मृति चिन्ह तथा 21,000 की प्रोत्साहन राशि की डेमो चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में हाईस्कूल यूपी बोर्ड के छात्र अवनीश एवं यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट के छात्र योगेश तथा संस्कृत बोर्ड हाईस्कूल की छात्रा सृष्टि  को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि किसी भी बच्चे के व्यक्तित्व निर्माण में परिवार और विद्यालय की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। माता-पिता बच्चे के प्रथम शिक्षक होते हैं, जबकि विद्यालय उसके ज्ञान, संस्कार और कौशल को दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन, पारिवारिक संस्कारों और सामाजिक उत्तरदायित्वों का विकास भी उतना ही आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की निर्णायक भूमिका होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में आज के विद्यार्थी ही भविष्य के वैज्ञानिक, इंजीनियर, शिक्षक, चिकित्सक, प्रशासनिक अधिकारी एवं उद्यमी बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे।

विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कन्नौज के एक युवक का उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसने इंटरमीडिएट के पश्चात आईटीआई से फिटर ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा केंद्र सरकार की अप्रेंटिसशिप योजना के माध्यम से कौशल अर्जित कर प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान में चयनित होकर उच्च वेतनमान प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि परिश्रम, कौशल और लक्ष्य के प्रति समर्पण से प्रत्येक छात्र सफलता के उच्चतम शिखर तक पहुँच सकता है।

मा० मंत्री जी ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने नकल या किसी अनुचित साधन का सहारा लिए बिना अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर सफलता अर्जित की है। यही ईमानदारी, परिश्रम और अनुशासन उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का भी आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ी अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर युवा अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। सरकार शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और अवसरों से परिपूर्ण बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि भारत आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक तथा परिवहन के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने भारतीय रेलवे का उदाहरण देते हुए कहा कि रेलवे सेवाओं में व्यापक परिवर्तन आया है। आधुनिक तकनीक, बेहतर ट्रैक व्यवस्था एवं अत्याधुनिक ट्रेनों के संचालन से यात्रा अधिक सुरक्षित, सुगम और तेज हुई है। अब हाई-स्पीड ट्रेनों ने देश की प्रगति को नई गति प्रदान की है। आज विश्व के अनेक देश भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और तकनीकी नवाचारों का अध्ययन कर रहे हैं। यह परिवर्तन दर्शाता है कि जब लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर हों, तो असंभव प्रतीत होने वाले कार्य भी संभव हो जाते हैं। विद्यार्थियों को भी इसी भावना के साथ अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने हेतु सतत प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्री वीर सिंह भदौरिया ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षकगण, सम्मानित छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |