मनाली में कार से नो एंट्री में घुसी चंडीगढ़ नंबर की कार, कटा 20 हजार रुपए का चालान
June 16, 2026
हिमाचल प्रदेश का मनाली एक प्रसिद्ध टूरिस्ट प्लेस है। यहां देश-विदेश से लोग घूमने के लिए आते हैं और अपने साथ अच्छी यादें लेकर जाते हैं। लेकिन कई बार कुछ लोग हुड़दंग करते हैं और फिर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी होती है। हालही में एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें यातायात के नियमों की धज्जियां उड़ाने वाली एक कार का 20 हजार रुपए का चालान काटा गया है।
हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ताजा मामले में मनाली के सबसे प्रमुख और भीड़भाड़ वाले नो-एंट्री जोन, माल रोड पर रात के करीब 10:30 बजे नियमों को ठेंगा दिखाते हुए एक चंडीगढ़ नंबर की कार प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस गई।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मनाली पुलिस और कुल्लू आरटीओ विभाग तुरंत हरकत में आ गए। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी के नंबर के आधार पर वाहन की पहचान की और मुख्य आरक्षी मेहर चंद ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 194/115 के तहत तुरंत 20,000 रुपये का भारी-भरकम ऑनलाइन ई-चालान काट दिया।
मनाली में तमाम मौकों पर ये देखने में आया है कि बाहर से जो यात्री घूमने आते हैं, वह कई बार नियमों की अनदेखी करते हैं। नियमों का पालन नहीं करने से कई बार रास्तों पर जाम लगता है और कई बार अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई मौकों पर ये भी देखने में आया कि पर्यटकों ने इतना हुड़दंग काटा कि बाकी लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
