Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊ: पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार पर 167 कुंतल से अधिक खाद्यान्न की कालाबाजारी करने का लगाया आरोप


आलमबाग। थाना क्षेत्र के बाबू कुंज बिहारी वार्ड के पवनपुरी में एक निलंबित उचित दर विक्रेता पर पूर्ति निरीक्षक ने सरकारी खाद्यान्न की कालाबाजारी का आरोप लगाया है। आलमबाग कोतवाली प्रभारी रामबाबू सिंह ने बताया जिला पूर्ति अधिकारी अशोक कुमार चैरसिया के अनुसार बीते 28 अप्रैल को आलमबाग इलाके स्थित बाबू कुंज बिहारी वार्ड पवनपुरी में ओम प्रकाश की उचित दर दुकान का अनुबंध निलंबित कर दिया गया था। साथ ही दुकान से संबद्ध सभी राशन कार्डधारकों को लिंक शॉप संचालिका उषा सिंह की दुकान से संबद्ध कर खाद्यान्न, ई-पॉस मशीन और अन्य उपकरण हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि उसके बावजूद निलंबित विक्रेता ओम प्रकाश ने कई बार नोटिस और अनुस्मारक भेजे जाने के बाद भी खाद्यान्न व उपकरण हस्तांतरित नहीं किए। विभागीय अभिलेखों के अनुसार उक्त निलंबित विक्रेता की दुकान पर कुल 120.276 कुंतल चावल, 80.124 कुंतल गेहूं तथा 1.08 कुंतल चीनी उपलब्ध होनी चाहिए थी। लेकिन जून माह के राशन वितरण में बाधा उत्पन्न होने पर अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति के आदेश पर 1 जून को एसीएम-3 की मौजूदगी में आपूर्ति विभाग की टीम ने दुकान का ताला खुलवाकर जांच की। जांच के दौरान दुकान में मात्र 6.76675 कुंतल गेहूं और 26.5588 कुंतल चावल मिला। वहीं चीनी का पूरा स्टॉक गायब था। इसके अलावा ई-पॉस मशीन से संबंधित आइरिस स्कैनर, चार्जर और अन्य उपकरण भी नहीं मिले। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर बरामद खाद्यान्न को कब्जे में लेकर संबद्ध विक्रेता उषा सिंह को सुपुर्द कर दिया ताकि पात्र कार्डधारकों को राशन वितरण कराया जा सके। पूर्ति निरीक्षक अशोक कुमार चैरसिया ने बताया दुकान से 73.35725 कुंतल गेहूं, 93.7172 कुंतल चावल और 1.08 कुंतल चीनी कम पाई गई। विभाग का आरोप है कि निलंबित विक्रेता ने सरकारी खाद्यान्न एवं उपकरणों का दुरुपयोग करते हुए उन्हें कालाबाजारी में बेच दिया। जिसके चलते उन्होंने निलंबित कोटेदार ओम प्रकाश के खिलाफ स्थानीय आलमबाग कोतवाली में लिखित नामजद शिकायत की है। पुलिस के अनुसार पूर्ति निरीक्षक की शिकायत पर कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा में केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |