पीलीभीत। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत द्वारा स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय से प्रारंभ होकर छतरी चैराहा तक निकाली गई इस रैली में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 150 युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रैली को मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी शिवम शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान युवाओं ने ष्फिट इंडियाष्, ष्स्वस्थ युवा-समृद्ध भारतष्, ष्साइकिल अपनाओ, पर्यावरण बचाओष् तथा ष्स्वस्थ रहो-देश को आगे बढ़ाओष् जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक किया।रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां युवाओं का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। सैकड़ों लोगों ने सड़क किनारे खड़े होकर रैली का स्वागत किया तथा युवाओं के इस सकारात्मक अभियान की सराहना की। रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना था कि दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देकर न केवल प्रदूषण को कम किया जा सकता है, बल्कि स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाया जा सकता है।इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी शिवम शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जीवनशैली संबंधी बीमारियों को देखते हुए साइकिल का महत्व और अधिक बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि साइकिल एक ऐसा साधन है जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शरीर को स्वस्थ रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से साइकिल चलाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी युवाओं को मेरा युवा भारत की टी-शर्ट एवं कैप वितरित की गईं, जिससे प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों को अल्पाहार भी वितरित किया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और नियमित रूप से साइकिल का उपयोग करने का सामूहिक संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ब्रज लाल युवा मंडल अध्यक्ष, राहुल कुमार युवा मंडल अध्यक्ष बरखेड़ा, वरिष्ठ समाजसेवी लक्ष्मीकांत शर्मा, नगर पालिका वार्ड सदस्य प्रभा मौर्य, शिक्षक तीर्थदेव शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह डालचंद, अभय भारती, सोनू, राजीव कुमार युवा मंडल अध्यक्ष न्यूरिया खुर्द तथा लेखाकार आकाश कुमार का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
रैली का समापन पुनः जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में हुआ। आयोजकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में उनकी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम हैं। विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित यह रैली जनपद में स्वास्थ्य, स्वच्छ पर्यावरण और जागरूक नागरिकता का संदेश देने में सफल रही।
