कुंडा/प्रतापगढ़। मोहर्रम के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने एक बार फिर एहतियाती कदम उठाते हुए भदरी राजपरिवार पर निगरानी कड़ी कर दी है। वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत इस बार भी राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप सिंह समेत 13 लोगों को भदरी महल में हाउस अरेस्ट कर दिया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस सतर्क हो गई है और भदरी महल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
शुक्रवार तड़के करीब 5 बजे कुंडा कोतवाली पुलिस भदरी महल पहुंची और हाउस अरेस्ट संबंधी नोटिस चस्पा किया। नोटिस के अनुसार सभी नामित व्यक्तियों को सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक महल परिसर के भीतर ही रहने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान उन्हें बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी।
बताया जाता है कि मोहर्रम के दिन भदरी स्थित हनुमान मंदिर पर भंडारे के आयोजन को लेकर हर वर्ष प्रशासन और राजपरिवार के बीच स्थिति संवेदनशील बनी रहती है। जिस मार्ग से ताजिया एवं मोहर्रम का जुलूस गुजरता है, उसी मार्ग पर मंदिर स्थित होने के कारण प्रशासन किसी भी संभावित विवाद या तनाव की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाता है।
अधिकारियों का कहना है कि मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए यह पूरी तरह एहतियाती कार्रवाई है। किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोकने के उद्देश्य से भदरी महल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में शांति का माहौल है, लेकिन प्रशासन अलर्ट मोड में है और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखे हुए है।
