Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठी: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का हुआ सफल समापन


अमेठी। केंद्र सरकार के जनसेवा, सुशासन एवं विकास के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद अमेठी के सभी विकासखंडों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। ‘‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’’ थीम पर आयोजित इन शिविरों एवं मेलों के माध्यम से आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। तीन दिनों तक चले इस विशेष अभियान के दौरान जनपद के सभी विकासखंडों में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याण शिविर लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं लाभार्थियों ने पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। शिविरों में कृषि, उद्यान, पशुपालन, पंचायती राज, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, आजीविका मिशन, विद्युत सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। विकासखंड शुकुल बाजार में आयोजित जनकल्याण शिविर में क्षेत्रीय विधायक सुरेश पासी ने प्रतिभाग करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। इसी प्रकार विकासखंड जामों में आयोजित जनकल्याण शिविर में विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र प्रताप सिंह ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। जनपद के सभी विकासखंडों में आयोजित जनकल्याण शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं, किसानों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने सहभागिता की। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ पात्र व्यक्तियों के आवेदन भी प्राप्त किए गए तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित स्वास्थ्य मेलों में भी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविरों में मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न रोगों की जांच, टीकाकरण, पोषण परामर्श, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं तथा जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। स्वास्थ्य मेलों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी गई। तीन दिवसीय इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना तथा शासन और जनता के बीच संवाद को और अधिक सशक्त बनाना था। शिविरों में पहुंचे लोगों ने विभागीय सेवाओं एवं एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की। जनपद प्रशासन के समन्वित प्रयासों से आयोजित इन जनकल्याण शिविरों एवं स्वास्थ्य मेलों का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान जनसामान्य ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का भरपूर लाभ उठाया तथा सरकार की जनहितकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता प्राप्त की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |