Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः 12 जून को मेगा हेल्थ कैंप, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम देगी मुफ्त उपचार


पीलीभीत। जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःस्वार्थ जन सेवा संस्थान द्वारा 12 जून को एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच कर उचित परामर्श और उपचार प्रदान करेंगे।

आयोजन अंकुर राइस मिल परिसर, असम चैराहा के निकट, पूरनपुर रोड स्थित परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा। शिविर में रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, बरेली के अनुभवी चिकित्सकों की टीम अपनी सेवाएं देगी।

शिविर में नेत्र रोग, दंत रोग और हृदय रोग विशेषज्ञ मरीजों का परीक्षण करेंगे। साथ ही रक्तचाप, ब्लड शुगर तथा ईसीजी जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी निःशुल्क की जाएंगी। आंखों के मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित की जाएंगी तथा मोतियाबिंद से ग्रसित मरीजों को चिन्हित कर उनका ऑपरेशन पूर्णतः निरूशुल्क कराया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार ऑपरेशन हेतु चयनित मरीजों के आवागमन, भोजन, दवाओं एवं लेंस की संपूर्ण व्यवस्था निःशुल्क रहेगी। उपचार प्रक्रिया पूरी होने के बाद मरीजों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया जाएगा।

शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे, जिसके लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं मोबाइल नंबर साथ लाना आवश्यक होगा।

इसके अतिरिक्त दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। हाथ गंवा चुके व्यक्तियों के लिए अत्याधुनिक बैटरी संचालित कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराने हेतु पंजीकरण किया जाएगा। वहीं श्रवण बाधित व्यक्तियों को निःशुल्क श्रवण यंत्र भी वितरित किए जाएंगे।

संस्थान के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी अमृत लाल अग्रवाल ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को उन लोगों तक पहुंचाना है, जो आर्थिक अभाव के कारण समय पर उपचार नहीं करा पाते। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में संस्था लगातार जनसेवा के कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि यह शिविर केवल चिकित्सीय परामर्श तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग को बेहतर जीवन देने का एक प्रयास है। मोतियाबिंद ऑपरेशन, आयुष्मान कार्ड, कृत्रिम हाथ एवं श्रवण यंत्र जैसी सुविधाएं अनेक परिवारों के लिए लाभकारी सिद्ध होंगी।

अमृत लाल अग्रवाल ने आयोजन में सहयोग देने वाले बरखेड़ा विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज, रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज प्रशासन तथा सभी समाजसेवियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं तथा जरूरतमंद लोगों को भी इसकी जानकारी दें।

आयोजकों का कहना है कि शिविर में आने वाले प्रत्येक मरीज को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा समुचित परामर्श, जांच और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |