Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः व्यापारी कल्याण दिवस समारोह में प्रतापगढ़ के 10 उत्कृष्ट करदाताओं का हुआ सम्मान


प्रतापगढ़। जिले में दानवीर भामाशाह जयंती के उपलक्ष्य में विकास भवन सभागार में सोमवार को व्यापारी कल्याण दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य रहे और कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) आदित्य प्रजापति ने की। कार्यक्रम में राज्य कर विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़े 10 उत्कृष्ट करदाताओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। मुख्य अतिथि विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य ने सम्मानित करदाताओं को “प्रतापगढ़ के भामाशाह” की संज्ञा देते हुए कहा कि व्यापारी समाज प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में व्यापारियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है और वे प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में सहभागी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि दानवीर भामाशाह का जीवन त्याग, उदारता, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा की अनुपम मिसाल है। ऐसे महान व्यक्तित्व की जयंती पर ईमानदारीपूर्वक कर अदा करने वाले व्यापारियों को सम्मानित करना समाज में सकारात्मक संदेश देने वाली पहल है।

अपर जिलाधिकारी आदित्य प्रजापति ने कहा कि जिला प्रशासन व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनकी सुरक्षा तथा समस्याओं के समाधान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने व्यापारिक संगठनों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं सुझावों को उचित मंच पर रखें, जिससे उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर व्यापार मण्डल के अध्यक्ष मंजीत सिंह छावड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों राजेन्द्र कुमार केसरानी, विजय कुमार गुप्ता, उमा प्रकाश अग्रहरि ने भामाशाह के त्याग, दानशीलता और राष्ट्रसेवा के योगदान को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आये हुये व्यापारी प्रतिनिधियों का आभार एवं धन्यवाद उपायुक्त राज्य कर वेगराज सिंह ने किया। 

कार्यक्रम में राज्य कर विभाग प्रतापगढ़ द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में तीन वर्ष से अधिक समय से पंजीकृत विभिन्न श्रेणियों के एसजीएसटी करदाताओं में से चयनित 10 बड़े करदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। चयन कारोबार की विभिन्न श्रेणियों एवं कर योगदान के आधार पर किया गया। 50 करोड़ रुपये से अधिक टर्नओवर श्रेणी में शिवशंकर सिंह (सिद्धार्थ टीवीएस) तथा भूपेन्द्र सिंह (राठौर मेडिकल स्टोर) को सम्मानित किया गया। वहीं 5 करोड़ से 50 करोड़ रुपये की श्रेणी में वीरेन्द्र कुमार सिंह (गांधी ऑटो सेल्स) और रामयज्ञ बरनवाल (बरनवाल आयरन स्टोर) को सम्मान मिला। इसी प्रकार 1.5 करोड़ से 5 करोड़ रुपये की श्रेणी में रविन्द्र कुमार एवं राम आसरे शुक्ला, जबकि 1.5 करोड़ रुपये तक की श्रेणी में राकेश कुमार सिंह तथा प्रीति सिंह को सम्मानित किया गया। महिला उद्यमी वर्ग में निर्मला सिंह (अक्षत ट्रेडर्स) एवं शीला त्रिपाठी (श्री बद्रीनाथ ऑटो सेल्स) को उत्कृष्ट करदाता के रूप में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संस्कृति विभाग से आये प्रतिनिधि श्याम लाल वर्मा गायन मण्डली द्वारा जयन्ती पर लोकगीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु आनन्द कुमार सिंह एवं इमरान खान असिस्टेण्ट कमिशनर, राम आसरे यादव व कमलेश कुमार वर्मा राज्य कर अधिकारी एवं कार्यालय के कर्मचारियो सुरेश ऊमरवैश्य, हरिकेश प्रजापति, संजीत यादव आदि ने अपना योगदान किया। कार्यक्रम का संचालन राज्य कर अधिकारी सुरेश ने किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |