पीलीभीत। वन एवं वन्यजीव प्रभाग की टीम ने वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को जंगली सुअर के मांस के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और वन विभाग की सतर्कता की चर्चा शुरू हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह लगभग आठ बजे मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम निजामडाडी निवासी एक व्यक्ति अपने घर पर जंगली सुअर का मांस काट रहा है तथा उसे बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जनपद रेंज के उपक्षेत्रीय अधिकारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।वन विभाग की टीम ने ग्राम निजामडाडी पहुंचकर संदिग्ध के घर पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान घर के आंगन में एक व्यक्ति जंगली सुअर के मांस की सफाई करते हुए मिला। टीम ने मौके से लगभग 10 किलोग्राम मांस बरामद किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम प्रेमपाल पुत्र स्व. होरीलाल निवासी ग्राम निजामडाडी, थाना जहानाबाद बताया।
वन अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में बरामद मांस जंगली सुअर का प्रतीत हुआ, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। वन विभाग ने आरोपी के विरुद्ध वन अपराध संख्या 45ध्2026-27 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीवों के अवैध शिकार और उनके अंगों अथवा मांस की खरीद-फरोख्त कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में दोष सिद्ध होने पर कठोर दंड का प्रावधान है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।
वन विभाग की इस कार्रवाई को वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध शिकार और वन्यजीव तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
