मोकामा विधायक अनंत सिंह को MP-MLA कोर्ट से मिली राहत, 30 मई तक गिरफ्तारी पर रोक
May 25, 2026
मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह को गोपालगंज एमपी-एमएलए कोर्ट से राहत मिल गई है। हथियार प्रदर्शन मामले में दाखिल अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद अदालत ने 30 मई तक विधायक की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। 30 मई को उनकी अग्रिम जमानत से संबंधित याचिका पर सुनवाई होगी।
गोपालगंज के मीरगंज के सेमरांव गांव में आयोजित एक उपनयन कार्यक्रम में गए विधायक के सामने खुलेआम हथियारों के प्रदर्शन और अश्लील नृत्य के आरोप में एफआईआर की गई थी। इस मामले में विधायक अनंत सिंह और कलाकार गुंजन सिंह समेत 9 लोगों पर प्राथमिकी की गई थी। मामले ने काफी तूल पकड़ लिया था।
गौरतलब है कि बिहार की राजनीति में अनंत सिंह एक चर्चित चेहरा हैं। वह अपने बेबाक बयानों की वजह से मीडिया में भी चर्चित रहते हैं। उन्हें बिहार से बाहर देशभर में लोग जानते हैं। उनकी खासियत ये है कि वह मीडिया के सामने भी अपने जवाब खुलकर देते हैं और किसी बात को कहने में संकोच नहीं करते हैं।
हालही में हुए बिहार विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने जीत हासिल की थी और दुलारचंद हत्याकांड में वह जेल में भी रहे और जमानत पर बाहर आए। अनंत सिंह मोकामा सीट पर लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं और जब वह एक मामले में 2022 में जेल गए थे तो उनकी पत्नी नीलम देवी यहां से चुनाव जीती थीं।
नीतीश कुमार के सीएम पद छोड़ने के बाद भी अनंत सिंह चर्चा में रहे थे। अनंत ने कहा था कि अगर नीतीश कुमार सीएम नहीं रहेंगे तो वह चुनाव नहीं लड़ेंगे। अनंत सिंह को नीतीश कुमार का काफी करीबी माना जाता है। मोकामा समेत देशभर की जनता इस बात से हैरान हुई थी कि अनंत सिंह अब चुनावी राजनीति में हिस्सा नहीं लेंगे।

