ED का बड़ा एक्शन! महाराष्ट्र में महिलाओं को ब्लैकमेल करने वाला बाबा अशोक खरात अरेस्ट
May 25, 2026
ED के मुंबई आंचलिक कार्यालय ने मनी लॉन्ड्रिंग और कथित जबरन वसूली मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वयंभू धर्मगुरु अशोक कुमार एकनाथ खरात उर्फ कैप्टन को गिरफ्तार किया है. ED ने आरोपी को 19 मई 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम यानी PMLA, 2002 के तहत गिरफ्तार किया. इसके बाद मुंबई की विशेष पीएमएलए अदालत ने आरोपी को 26 मई 2026 तक 7 दिनों की ED हिरासत में भेज दिया.
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों की आड़ में एक संगठित जबरन वसूली रैकेट चला रहा था. मामले की जांच के दौरान ईडी ने 13 और 14 अप्रैल, 17 अप्रैल, 23 अप्रैल, 5 मई और 18 मई 2026 को आरोपी और उसके सहयोगियों से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की.
इन तलाशी अभियानों के दौरान ईडी को कई अहम दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड मिले. एजेंसी ने करीब 13.92 करोड़ रुपये नकद, 5,500 अमेरिकी डॉलर की विदेशी मुद्रा और लगभग 1.12 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए. इसके अलावा 2.25 करोड़ रुपये की बैंक राशि को फ्रीज किया गया है और एक महंगी मर्सिडीज बेंज कार भी जब्त की गई है. ED अब इस पूरे नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों और कथित अवैध वसूली से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने धार्मिक गतिविधियों के नाम पर कितनी संपत्ति और धन इकट्ठा किया.

