तमिलनाडु का CM बनते ही थलापति विजय ने किया 10 लाख करोड़ के कर्ज का जिक्र तो भड़के स्टालिन
May 10, 2026
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद थलापति विजय ने कई बड़े ऐलान किए, जिनमें 200 यूनिट फ्री बिजली, महिलाओं की सुरक्षा के लिए टास्क फोर्स जैसे कई बड़े मुद्दे शामिल थे. इसी दौरान उन्होंने कहा कि तमिलनाडु पर 10 लाख करोड़ रुपये का लोन है. उनके इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके मुखिया एमके स्टालिन की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने विजय को शुभकामनाएं भी दी हैं.
स्टालिन ने विजय की ओर से किए ऐलान का स्वागत करते हुए कहा, 'तुरंत यह कहना शुरू न करें कि सरकार के पास धन नहीं है. धन है. आवश्यकता है तो उसे जनता तक पहुंचाने की इच्छाशक्ति और शासन करने की क्षमता की.' उन्होंने आगे कहा कि पांच वर्षों में, कोविड और बाढ़ जैसी कई समस्याओं और केंद्र सरकार की भाजपा सरकार की उपेक्षा के बावजूद, हमने जनता के लिए अनगिनत कल्याणकारी योजनाएँ लागू कीं.
डीएमके प्रमुख ने आगे कहा, 'आपने अपने पहले भाषण में इस आरोप का जिक्र किया कि पिछली सरकार ने 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज छोड़ा और सरकारी खजाना खाली कर दिया, तमिलनाडु का ऋण स्तर निर्धारित सीमा के भीतर है.'
उन्होंने कहा कि हमने फरवरी के बजट में ही तमिलनाडु सरकार की वित्तीय हालत स्पष्ट कर दी थी. क्या आपको यह जानकारी नहीं थी? क्या आपने जनता से सिर्फ वादे किए थे? जिन लोगों ने आपको वोट दिया है, उन्हें फिर से धोखा न दें और मुद्दे को भटकाने की कोशिश न करें!
स्टालिन ने विजय को घेरते हुए कहा कि आप ये कहकर सत्ता में आए थे- मैं जनता से वही वादे करूंगा, जिन्हें मैं पूरा कर सकूं, अब सरकार चलाने की शुरुआत ही कर रहे हैं. मुझे विश्वास है कि हमारी तरह आप भी जल्द ही जनता से किए गए वादों को पूरा करने के तौर-तरीके सीख लेंगे. जिन लोगों ने आपको वोट दिया है, उनके साथ-साथ मैं भी यही उम्मीद करता हूं. एक बार फिर, आपके शासन में तमिलनाडु के विकास की यात्रा जारी रहने के लिए मेरी शुभकामनाएं!
