प्रतापगढः जबरदस्त गर्मी में जवानों को मिली राहत, ‘बीट द हीट’ अभियान के तहत ग्लूकोज का हुआ वितरण
May 11, 2026
प्रतापगढ़।जिले में सोमवार को जबरदस्त गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं तरुण चेतना संस्थान द्वारा संयुक्त रूप से ‘बीट द हीट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष पहल के अंतर्गत जनपद के विभिन्न चैराहों पर मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिस, होमगार्ड और पीआरडी जवानों को डाबर इंडिया के सहयोग से ‘ग्लूकोज-डी’ का वितरण किया गया। अभियान का औपचारिक उद्घाटन क्षेत्राधिकारी यातायात ए. के. राय द्वारा चिलबिला चैराहे पर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि चिलचिलाती धूप में यातायात व्यवस्था सुचारू रखना चुनौतीपूर्ण कार्य है। ऐसे में स्वास्थ्य का ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है। राय ने कहा कि भीषण गर्मी में लगातार ड्यूटी कर रहे जवानों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य का ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है। इस ‘बीट द हीट’ कार्यक्रम के दौरान शहर के सदर, घंटाघर मुख्य चैराहों और व्यस्त मार्गों पर तैनात जवानों को ग्लूकोज के पैकेट व बोतल उपलब्ध कराए गए, जिसका उद्देश्य ड्यूटी के दौरान जवानों को डिहाइड्रेशन (निर्जलीकरण) और हीट स्ट्रोक से बचाना। कार्यक्रम का समापन अपर जिलाधिकारी आदित्य प्रजापति द्वारा कलेक्ट्रेट में तैनात होमगार्ड जवानों को ‘ग्लूकोज-डी’ वितरित कर किया गया। उन्होंने इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं तरुण चेतना संस्थान के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से जनहित के ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। साथ ही अपर जिलाधिकारी ने आम जनमानस से भी अपील की कि गर्मी के इस मौसम में सावधानी बरतें और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन समय-समय पर करते रहे। उन्होंने लोगों से भी गर्मी के दौरान सावधानी बरतने तथा हीट वेव से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की। इस अवसर आपदा विशेषज्ञ जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अनुपम शेखर तिवारी एवं तरुण चेतना संस्थान के निदेशक नसीम अंसारी ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में तरुण चेतना के कर्मी सहित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, प्रतापगढ़ के कई आपदा मित्रों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

