बीसलपुर। पल्लवी पटेल ने कहा कि अच्छे दिन लाने का वादा करने वाली भाजपा सरकार देश की जनता की भावनाओं से खिलवाड़ कर रही है। किसानों को आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, शिक्षित युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और महंगाई ने आम आदमी का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।
वह रामलीला मेला मैदान में आयोजित अपना दल कमेरावादी के मंडल स्तरीय समता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि वह यूजीसी समता विनियमन-2026 को लागू कराने के लिए पिछले तीन महीनों से प्रदेशभर का दौरा कर रही हैं। उनका उद्देश्य दलित, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, आदिवासी समाज और महिलाओं के साथ उच्च शिक्षण संस्थानों में होने वाले भेदभाव को रोकना तथा विद्यार्थियों को शिक्षा पूरी करने में सहायता दिलाना है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कॉलेजों में छात्रों का उत्पीड़न लगातार बढ़ रहा है। महिला आरक्षण बिल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में बिल पारित होने के बावजूद भाजपा सरकार महिलाओं को आरक्षण देने की इच्छुक नहीं है और परिसीमन के नाम पर इसे टाल रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता मुंहतोड़ जवाब देगी।
कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.एल. पटेल ने किसानों की समस्याओं, आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान, गन्ना किसानों के बकाया भुगतान और रसोइयों को सम्मानजनक मानदेय दिए जाने की मांग उठाई। सम्मेलन को राजेश पटेल, रामशिला पटेल, सुभाष पटेल, प्रेम सागर पटेल और किसान नेता सियाराम गंगवार समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया। इस दौरान रसोइयों ने मानदेय बढ़ाने तथा किसान संगठनों ने गन्ना भुगतान जल्द कराने की मांग को लेकर विधायक डॉ. पल्लवी पटेल को ज्ञापन भी सौंपा। कार्यक्रम में शिवकुमार पटेल, प्रमोद पटेल, हरिओम गंगवार, रामबाबू पटेल, राजू पटेल, सरिता पटेल, भानु पटेल और रामचंद्र लाल कोरी सहित हजारों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सी.एल. पटेल ने तथा संचालन गजेंद्र पटेल ने किया।

