Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः लखनऊ दरबार में बरखेड़ा की गूंज! महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट! मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं विकास, शिक्षा और सांस्कृतिक गौरव से जुड़ी बड़ी मांगें


पीलीभीत। बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ महाराज से आत्मीय मुलाकात की। यह मुलाकात केवल एक औपचारिक शिष्टाचार भेंट तक सीमित नहीं रही, बल्कि बरखेड़ा विधानसभा के विकास, शिक्षा, धार्मिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान और जनभावनाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर गंभीर मंथन हुआ। महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की समस्याओं, संभावनाओं और भविष्य की योजनाओं को बेहद प्रभावशाली ढंग से रखा। उन्होंने कहा कि बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र केवल एक राजनीतिक क्षेत्र नहीं, बल्कि ऐतिहासिक परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक मूल्यों की समृद्ध भूमि है, जिसे प्रदेश और देश के मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री से हुई वार्ता में स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने कई महापुरुषों और राष्ट्रनायकों के सम्मान में चैक एवं प्रतिमा निर्माण का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह ‘बाबू जी’ के नाम पर भव्य चैक और प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग की। इसके अलावा वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल, महर्षि कश्यप जी, सिखों के दशम गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर भी अलग-अलग क्षेत्रों में चैक निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के सम्मान में बनने वाले स्मारक नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, त्याग और सामाजिक चेतना की प्रेरणा देंगे।

महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। उन्होंने विकासखंड मरौरी के ग्राम शिवपुरिया पंडरी तथा रामनगर जगतपुर क्षेत्र में इंटर कॉलेज स्थापित किए जाने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में उच्च शिक्षा के पर्याप्त संसाधन न होने से गरीब परिवारों के बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दूरदराज पढ़ाई के लिए जाने में आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों के कारण कई छात्र-छात्राएं बीच में ही पढ़ाई छोड़ देते हैं। नए शिक्षण संस्थान खुलने से हजारों युवाओं को लाभ मिलेगा और क्षेत्र का शैक्षिक स्तर ऊंचा होगा।

स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने क्षेत्र की प्राचीन विरासत और धार्मिक स्थलों को पर्यटन से जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने शाहगढ़ स्थित ऐतिहासिक ‘राजा वेणु किला’ के संरक्षण और उसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यह धरोहर क्षेत्र के गौरव का प्रतीक है, जिसे नई पहचान देने की आवश्यकता है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत करोड़ में स्थित प्रसिद्ध बाबा गौरीशंकर मंदिर के सौंदर्यीकरण और पर्यटन केंद्र के रूप में विकास की मांग भी मुख्यमंत्री से की गई। उनका कहना था कि धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का विकास होने से क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज का जनता से सीधा संवाद और जनसेवा का तरीका लोगों के बीच विशेष चर्चा का विषय बना हुआ है। उनका प्रतिदिन लगने वाला जनता दरबार क्षेत्र में लोगों के लिए उम्मीद का केंद्र बन चुका है, जहां हजारों की संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। जनता दरबार में आने वाले लोगों के लिए भोजन और जलपान की भी विशेष व्यवस्था की जाती है। दूरदराज से आने वाले लोग बताते हैं कि उन्हें वहां सम्मान, अपनापन और समाधानकृतीनों एक साथ मिलते हैं। यही कारण है कि क्षेत्र में स्वामी प्रवक्तानंद महाराज की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है।

क्षेत्रीय जनता का कहना है कि महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज केवल विधानसभा तक सीमित नेता नहीं हैं, बल्कि वे लगातार गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की नीतियों, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को वे बेहद सरल भाषा में लोगों तक पहुंचा रहे हैं। लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की समस्याओं और मांगों को मजबूती से रखकर उन्होंने जनता का दिल जीत लिया है। क्षेत्र में हर तरफ उनकी प्रशंसा सुनाई दे रही है और लोग इसे बरखेड़ा विधानसभा के लिए सकारात्मक संकेत मान रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी प्रवक्तानंद महाराज द्वारा रखे गए सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। मुलाकात के बाद स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्नेह, मार्गदर्शन और विकास के प्रति समर्पित दृष्टिकोण हमेशा प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है और बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र को भी विकास की नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री से हुई इस महत्वपूर्ण मुलाकात के बाद बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि यदि इन प्रस्तावों पर अमल होता है तो क्षेत्र शिक्षा, पर्यटन, सांस्कृतिक पहचान और आधारभूत विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। अंत में महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बहुमूल्य समय देने और क्षेत्र की भावनाओं को गंभीरता से सुनने के लिए आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |