Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढ़ः भीषण गर्मी को लेकर जिला प्रशासन सतर्क, लोगों को जारी की गई एडवाइजरी! तेज धूप और गर्म हवाओं से बचें-एडीएम


प्रतापगढ़। मौसम विभाग आई.एम.डी. लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित चेतावनी के अनुसार प्रदेश के कई जनपदों में आगामी दिनों में भीषण गर्मी और उष्ण लहर (लू) चलने की संभावना व्यक्त की गई है। इसी के मद्देनजर अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) आदित्य प्रजापति ने मंगलवार को जनहित में एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। मौसम विभाग द्वारा 26 मई तक येलो जोन, 26 से 27 मई तक ऑरेंज जोन तथा 27 से 28 मई तक पुनः येलो जोन की चेतावनी जारी की गई है। जनपद प्रतापगढ़ में 28 मई तक दिन के समय कहीं-कहीं लू चलने की संभावना व्यक्त की गई है।

उन्होने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों तथा खेतों और निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होने लोगो से अपील की है कि अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही दोपहर के समय घरों से बाहर निकलें। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढकें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। निर्जलीकरण और लू से बचाव के लिए ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। उन्होने बताया है कि लगातार बढ़ती गर्मी का असर पशुओं और फसलों पर भी पड़ सकता है। किसानों को खेतों में हल्की सिंचाई करने तथा पशुओं को छायादार स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है। उन्होने बताया है कि जानवरों एवं बच्चों को कभी भी बंद अथवा खड़ी गाड़ियों में अकेला न छोड़ा जाए, क्योंकि अत्यधिक तापमान के कारण उनकी जान को खतरा हो सकता है। साथ ही लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। एडवाइजरी में कहा गया है कि सूर्य की गर्मी से बचने के लिए जहां तक संभव हो घर की निचली मंजिल पर रहें तथा हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़ों का प्रयोग करें। गहरे रंग के भारी एवं तंग कपड़े पहनने से बचने की सलाह दी गई है। अत्यधिक गर्मी के समय श्रमसाध्य कार्य न करें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें। अधिक प्रोटीन युक्त भोजन, बासी एवं संक्रमित खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने को कहा गया है। इसके अलावा अल्कोहल, चाय और कॉफी का अत्यधिक सेवन न करने की भी सलाह दी गई है। जिला प्रशासन ने कहा है कि आमजन टेलीविजन, आकाशवाणी, एफएम रेडियो चैनल, मौसम विज्ञान केंद्र तथा जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी की जाने वाली एडवाइजरी पर ध्यान दें और लू-प्रकोप से बचाव के लिए जागरूक रहें। उन्होने कहा है कि गर्मी और लू से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा उपाय है। जारी एडवाइजरी का पालन कर लोग स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |