Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

कन्नौज: ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं - जिला निर्वाचन अधिकारी


कन्नौज । जनपद में निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने आज कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में विस्तृत, गहन एवं सूक्ष्म निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों एवं व्यवस्थाओं का गंभीरता से परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने कंट्रोल रूम, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, बैलट यूनिट एवं कंट्रोल यूनिट कक्ष, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, कक्षों की सीलिंग व्यवस्था, डबल लॉक प्रणाली तथा वेयरहाउस की समस्त सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने ईवीएम मशीनों की सुरक्षा, संरक्षा एवं रखरखाव की स्थिति का गहन परीक्षण करते हुए कहा कि निर्वाचन संबंधी सामग्री की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

उन्होंने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की। सभी कैमरे सुचारु रूप से संचालित पाए गए, जिस पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कैमरे 24×7 निरंतर सक्रिय रहें तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने वेयरहाउस परिसर में स्वच्छता, सुव्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनी रहे और आमजन का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी  विनीत कटियार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |