प्रतापगढ़। जिले में शुक्रवार को भारत विकास परिषद की विशाल शाखा के संयोजन में सरस्वती शिशु मंदिर, अजीत नगर परिसर में बच्चों के मध्य संभाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “बच्चों में संस्कार विकास, अनुशासन एवं विद्यार्थी आचरण” रखा गया था। कार्यक्रम का आयोजन शिशु एवं किशोर दो वर्ग में किया गया, जिसमें लगभग 14 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में मंच पर बोलने की कला, आत्मविश्वास तथा विषय के प्रति गंभीरता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा। बच्चों के प्रदर्शन ने यह सिद्ध किया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं उनके व्यक्तित्व विकास एवं संस्कार निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के अंत में शिशु वर्ग में प्रथम आदित्य केसरवानी, द्वितीय सिमरन मौर्य एवं तृतीय जान्हवी सोनी, बाल वर्ग में प्रथम स्थान ऋषिका शर्मा, द्वितीय आराध्या शर्मा और तृतीय स्थान पर पार्थ कुमार सहित समस्त अन्य प्रतिभागी स्नेहा मौर्य, रिद्धि गुप्ता, अर्पित पंडित, प्रिंस सोनी, आरुषि पांडे, अनुश्री पाल को भारत विकास परिषद विशाल शाखा द्वारा पुरस्कार स्वरूप शिक्षण सामग्री प्रदान की गई।
निर्णायक मंडल में नमिता पांडे एवं शिशिर खरे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का वातावरण प्रेरणादायी एवं संस्कारमय रहा।
इस अवसर पर परिषद के पूर्व अध्यक्ष अश्वनी केसरवानी, वर्तमान अध्यक्ष डॉ. पीयूष कान्त शर्मा, सचिव संजीव आहूजा, कोषाध्यक्ष नारायण प्रसाद खंडेलवाल सहित विक्रांत खंडेलवाल, मयंक चतुर्वेदी, विजय जायसवाल, अरविंद सिंह, प्रांतीय अधिकारी गिरजा शंकर मिश्र, श्रद्धा सिंह, पूनम आहूजा, क्षमा खंडेलवाल, अभय खंडेलवाल एवं विद्यालय के प्राचार्य गजराम मौर्य उपस्थित रहे।

