बीसलपुर। विकासखंड परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्थाओं ने स्वच्छ भारत अभियान की हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ब्लॉक परिसर में बने शौचालयों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कर्मचारी और फरियादी उनका उपयोग करने से बच रहे हैं।
परिसर में जगह-जगह कूड़े के ढेर, बजबजाती नालियां और फैली गंदगी विकासखंड प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां नियमित साफ-सफाई नहीं कराई जाती, जिससे दुर्गंध और अस्वच्छता का माहौल बना रहता है।
लोगों का आरोप है कि शौचालयों में पानी की उचित व्यवस्था नहीं है और सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित होकर रह गई है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और कर्मचारी विकासखंड कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बीसलपुर विकासखंड पूर्व में भी विभिन्न अव्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में रहा है, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी स्थिति सुधारने के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। लोगों ने परिसर की नियमित सफाई और शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

