Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बीसलपुरः भैनपूरा में बना सार्वजनिक शौचालय बना शोपीस, वर्षों से बंद होने पर ग्रामीणों में रोष


बीसलपुर। तहसील क्षेत्र के ग्राम भैनपूरा में ग्राम निधि से निर्मित सार्वजनिक शौचालय ग्रामीणों के लिए सुविधा बनने के बजाय उपेक्षा का प्रतीक बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद कई वर्षों से शौचालय को सार्वजनिक उपयोग के लिए शुरू नहीं किया गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय तक बंद पड़े रहने और उचित देखरेख न होने के कारण शौचालय की हालत जर्जर हो चुकी है। भवन में जगह-जगह टूट-फूट है और आसपास गंदगी फैली हुई है। ऐसे में अब यह उपयोग के योग्य भी नहीं बचा है।

ग्रामीण विनोद शुक्ला ने बताया कि शौचालय का निर्माण तो कराया गया, लेकिन उसे चालू कराने की दिशा में कभी गंभीर प्रयास नहीं किए गए। वहीं मुकेश तिवारी और प्रतीक तिवारी ने कहा कि सरकार स्वच्छता अभियान पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर लापरवाही के चलते योजनाएं दम तोड़ती नजर आ रही हैं। दीनदयाल वर्मा ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

मामले में ग्राम प्रधान पक्ष की ओर से धर्मवीर (प्रधान पति) ने बताया कि शौचालय को जल्द ही सार्वजनिक उपयोग के लिए शुरू कराया जाएगा। ग्राम प्रधान राजकुमारी वर्मा ने भी शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है। वहीं ग्राम पंचायत सचिव ने कहा कि शौचालय को चालू कराने की प्रक्रिया जारी है।

अब ग्रामीणों की नजर इस बात पर टिकी है कि वर्षों से बंद पड़े इस सार्वजनिक शौचालय को आखिर कब तक चालू किया जाता है और लोगों को इसका लाभ मिल पाता है या नहीं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |